प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ के हालात बरकरार, छलकने के करीब पहुंचा टोंक का बीसलपुर बांध,
(Deoli, Tonk) राजस्थान में मूसलाधार वर्षा के कारण बिगडे़ हालात अभी भी जस के तस है और बाढ़ प्रभावित गांवों में पानी भरा है। हालांकि प्रशासन ने पानी निकालने के प्रयास तेज कर दिए हैं। वही दूसरी ओर टोंक जिले में बीसलपुर बांध क्षेत्र में लगातार पानी की आवक और पूर्ण भराव होने के करीब पहुंचने के बाद आसपास के 60 गांवों में अलर्ट जारी किया गया हैं। जयपुर जिले के चाकसू क्षेत्र के जयसिंहपुरा बांध टूट जाने के बाद चाकसू और कोटखावदा क्षेत्र में भरे पानी को निकालने और लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन और सेना के राहत कार्यो से हालात में काफी सुधार आया हैं। हालांकि क्षेत्र में अभी भी कई जगह पानी भरा है। लेकिन जनजीवन सामान्य होने लगा हैं। दौसा के लालसोट में भी राहत कायोट्व के बाद हालात सामान्य होने लगे हैं। प्रदेश में पूर्वी राजस्थान में जारी मूसलाधार बारिश के बाद अजमेर और कोटा संभाग में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। जयपुर एवं ख्वाजा नगरी अजमेर को पेयजल आपूर्ति करने वाले बीसलपुर बांध छलकने के स्तर पर पहुंच गया है। बीसलपुर बांध नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह बांध का जलस्तर बढ़ कर 315.18 आरएल मीटर हो गया। इस बांध के जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश का दौर थम जाने से खारी, त्रिवेणी और बनास नदी में पानी की आवक कम हो गई है। बीसलपुर की भराव क्षमता 315.50 मीटर है और पानी की आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारी किसी भी समय बांध के गेट खोल कर बनास नदी में पानी छोड़ सकते हैं। हालांकि बारिश का दौर थम जाने के कारण अधिकारी इसके पूरे भरने के बाद ही पानी की निकासी करना चाहते हैं। वही इसके पूरे भरे जाने की आशंका के चलते आपदा प्रबंधन विभाग ने बांध क्षेत्र में आने वाले करीब 60 गांवों में अलर्ट जारी किया है। बांध के लिए तैनात सहायक अभियंता नरेन्द्र सिंह माथुर ने बताया कि बांध में बढ़ते जल स्तर के चलते डूब क्षेत्र के गांवों और क्षेत्रों को सतर्क किया गया है। लेकिन बांध में मंगलवार को पानी की आवक कम होने से अभी बांध का कोई गेट खोलने का निर्णय नहीं लिया गया हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।