(DELHI, India)
यादव ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में एक सवाल पर कहा, ‘अमर सिंह को सपा में वापस लिये जाने की कोई सम्भावना नहीं है। अभी तक पार्टी में किसी भी स्तर पर यह मामला उठाया ही नहीं गया है।’ गौरतलब है कि कभी सपा में दूसरे नम्बर के नेता की हैसियत रखने वाले और बाद में पार्टी से निकाले गये अमर सिंह हाल में लखनऊ में जनेश्वर मिश्र स्मारक पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम में सपा के मंच पर नजर आये थे। उन्होंने सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की शान में कसीदे पढ़े थे, जिसके बाद उनकी सपा में वापसी की अटकलें लगने लगी थीं। मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिये सपा की तैयारियों का जायजा लेने आये यादव ने प्रदेश में साम्प्रदायिक हिंसा की बढ़ती वारदात के बारे में पूछे जाने पर आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के दौरान बसपा और भाजपा ने राजनीतिक लाभ लेने के लिये साम्प्रदायिक उन्माद पैदा किया लेकिन जनता अब उन्हें समझ चुकी है। राज्य के नगर विकास एवं वक्फ मंत्री आजम खां तथा शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद के बीच जारी जबानी जंग के बारे में यादव ने कहा कि इसका सपा से कोई लेना-देना नहीं है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।