(Bahraich, Bahraich)
सैलाब से लाखों की आबादी प्रभावित है और पिछले 24 घंटे के दौरान बाढ़जनित हादसों में 13 और लोगों की मौत के साथ सूबे में ऐसी दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 41 हो गयी है। भीषण बाढ़ की वजह से बौद्ध परिपथ समेत अनेक सड़क मार्ग बंद कर दिये गये हैं। साथ ही कई रेल मार्ग प्रभावित होने की वजह से ट्रेनों के आवागमन पर असर पड़ा है। बहराइच से मुख्य राजस्व अधिकारी यूएस उपाध्याय के हवाले से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक जिले की 211 ग्राम पंचायतों के 1218 मजरों (उपग्राम) की साढ़े तीन लाख की आबादी बाढ़ से प्रभावित है। लगभग 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), बाढ़ पीएसी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), पुलिस, राजस्वकर्मी तथा समाजसेवी संगठनों की मदद से राहत और बचाव कार्य तेजी से किया जा रहा है। दो हेलीकाप्टर राहत सामग्री बांटने तथा दुरूह स्थानों पर फंसे लोगों को निकालने के काम में जुटे हैं। सरयू का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आ गया है लेकिन घाघरा का रौद्र रूप बरकरार है और वह लाल निशान से करीब डेढ़ मीटर ऊपर बह रही है। सूत्रों के मुताबिक बहराइच-लखनउ मार्ग पर जरवल के पास तथा बाराबंकी के गनेशपुर मोड़ पर बाढ़ का पानी राजमार्ग पर आने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 28-सी पर यातायात ठप हो गया है। रेल पटरी के समानान्तर पानी आने की वजह से किसी भी समय रेलमार्ग बंद हो सकता है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।