(Rajasthan, India)
ख्वाजा साहब की दरगाह में बीती देर रात एक किशोर खौलती देग में कूद गया। दरगाह व अंजुमन कमेटी कर्मचारियों ने झुलसे किशोर को देग से निकाला और जवाहर लाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया। जहां थोड़ी देर बाद उसने दम तोड़ दिया। मृतक किशोर की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार सोमवार रात 9.30 बजे दरगाह परिसर स्थित छोटी देग पकाई जा रही थी। उसी दौरान पंद्रह सोलह वर्षीय एक जायरीन अचानक वहां आया और देग में कूद गया। किशोर को देग से बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया गया। दरगाह कमेटी ने दरगाह क्षेत्र में किशोर के परिजन की तलाश शुरू कर दी है। उधर पुलिस भी शिनाख्त में जुटी है। पुलिस के अनुसार प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि खाद्य सामग्री डालने के लिए देग का ढक्कन हटाया गया था। उसी समय किशोर ने छलांग लगा दी। उसने सफेद रंग का पायजामा कुर्ता पहन रखा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि किशोर ने देग में कूदने से पहले मन्नत की आवाज लगाई थी। उस वक्त किशोर के अलावा अन्य जायरीन भी देग के पास खड़े थे। आपको बता दें कि इससे पहले भी 2005 में एक युवक अंधविश्वास के चलते देग में कूदा था और उसके बाद 2013 में मां बेटी मन्नत पूरी होने के बहाने देग में कूद गई थी। जिसमें इनकी मौत हो गई थी........
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।