रांची में सामने आया लव जेहाद का मामला......
(JHARKHAND, India) झारखंड की राष्ट्रीय शूटर तारा शाहदेव ने अपने पति पर जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप लगाया है। तारा का कहना है कि उसके पति ने खुद को हिंदू बताकर उसे धोखा दिया और शादी की। बाद में उस पर इस्लाम कबूलने का दबाव बनाया जाने लगा और ऐसा नहीं करने पर उसकी पिटाई की जाती थी और कई बार कुत्ते से भी कटवाया गया था। शाहदेव के मुताबिक, कई-कई दिनों तक उसे खाना भी नहीं दिया जाता था। शाहदेव ने पति रंजीत कुमार कोहली पर छद्म नाम का सहारा लेकर उससे शादी रचाने का आरोप लगाया है। जबकि उसका असली नाम रकीबुल हसन है। तारा ने शुक्रवार को कोतवाली डीएसपी दीपक कुमार अंबष्ठ के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया। उसने अपने बयान में कहा कि जब वह होटवार में शूटिंग की प्रैक्टिस के लिए जाती थी, तो पीली बत्ती लगे वाहन में विजिलेंस रजिस्ट्रार मुश्ताक अहमद (हाईकोर्ट में पदस्थापित), धनबाद डीएसपी, गढ़वा एसपी, सुजीत सिंह व रंजीत कुमार कोहली उर्फ रकीबुल हसन उसका प्रैक्टिस देखने आते थे। इस दौरान इन अधिकारियों और रंजीत कुमार कोहली ने उसके दोस्तों के साथ बातचीत शुरू कर दी। इसी दौरान रंजीत की तारा के दो अन्य दोस्तों के साथ गहरी दोस्ती हो गई। 14 जून को रंजीत कुमार कोहली ने उसे घर पर डिनर के लिए बुलाया। इसके ठीक एक दिन बाद 15 जून को मुश्ताक अहमद के निमंत्रण पर तारा उसके घर डिनर के लिए पहुंची। वहां रंजीत भी पहले से ही मौजूद था। उसने तारा को अंगूठी व कंगन पहना दिया और शादी की तिथि तय करने की बात कही। 20 जून को मुश्ताक की मौजूदगी में दोनों की सगाई हुई और सात जुलाई को दोनों विवाह बंधन में बंध गए। तारा ने कहा कि ससुराल में एक दिन मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के यहां से इफ्तार पार्टी का निमंत्रण मिला। जिसमें जनाब रकीबुल हसन खान के नाम का संबोधन था। यह कार्ड भी तारा ने कोर्ट के हवाले किया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।