उम्मीद है कि पाकिस्तान के साथ वार्ता रद्द करने पर पुनर्विचार करेगा केंद्र : उमर
(JAMMUandKASHMIR, India) उमर ने शहर के बाहरी इलाके में जनसभा को संबोधित करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि इस पर पुनर्विचार (पाकिस्तान के साथ वार्ता को खत्म करने) होगा।’ कश्मीर के अलगाववादी नेताओं से नयी दिल्ली में नियुक्त पाकिस्तान के उच्चायुक्त के मुलाकात करने के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ सचिव स्तर की वार्ता को रद्द कर दिया था। उच्चायुक्त से केंद्र सरकार ने अलगाववादी नेताओं से दूर रहने को कहा था।
उमर ने कहा कि नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संघर्षविराम का उल्लंघन ‘गंभीर चिंता का विषय’ है। उन्होंने कहा, ‘संघर्षविराम उल्लंघन तेजी से हो रहा है। अब यह बीएसएफ चौकियों तक सीमित नहीं है। अब नागरिक इलाकों को भी निशाना बनाया जा रहा है, नागरिकों की हत्या की जा रही है और उन्हें जख्मी किया जा रहा है। लोगों को सीमावर्ती इलाकों से हटने के लिए बाध्य किया जा रहा है।’ उमर ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच संवाद खत्म हो गया है, उन्हें नहीं मालूम कि केंद्र सरकार संघर्ष विराम उल्लंघन के मुद्दे का कैसे समाधान करेगी और जम्मू..कश्मीर के लोगों पर इसके क्या प्रभाव होंगे। उन्होंने कहा, ‘भारत और पाकिस्तान के बीच संवाद खत्म होने को देखते हुए मुझे नहीं मालूम कि नरेन्द्र मोदी सरकार इस मुद्दे के समाधान के लिए क्या योजना बना रही है लेकिन इनका समाधान करना उनका कर्तव्य है क्योंकि उन्होंने इस देश के लोगों से ‘अच्छे दिन’ का वादा किया है।’ उन्होंने कहा कि सीमा के किनारे रह रहे लोग भी इस देश के ही लोग हैं। उन्हें भी ‘अच्छे दिन’ का उतना ही अधिकार है जितना किसी अन्य को लेकिन उन्हें अब तक ‘अच्छे दिन’ का इंतजार है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।