बीजेपी का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन: 50 सांसद लखनऊ में धरने पर
(Lucknow, UTTARPRADESH) भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने बताया है कि पार्टी के प्रदेशव्यापी आंदोलन में भाग लेने के लिए सूबे से पार्टी के लगभग 50 सांसद आज सुबह राजधानी के हजरतगंज चौराहे पर जीपीओ पार्क स्थित गांधी प्रतिमा के नजदीक धरने पर बैठ गए हैं। प्रदेश में भाजपा के कुल 71 सांसद हैं। इनमें से राजनाथ सिंह, कलराज मिश्र समेत लगभग आधा दर्जन से अधिक सांसद केंद्र सरकार में मंत्री हैं। पाठक ने बताया कि पार्टी के विधायकों और कार्यकर्ताओं की तरफ से जनता को साथ लेकर ऐसा ही धरना-प्रदर्शन प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर चल रहा है। हालांकि विधानसभा और लोकसभा के उपचुनाव वाले 11 जिलों को इस कार्यक्रम से बाहर रखा गया है। उन्होंने बताया कि वृन्दावन में पिछले महीने हुई प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश में बिगड़ती कानून एवं व्यवस्था और बिजली संकट के विरोध में पहली सितंबर को एक दिवसीय प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन की घोषणा की गई थी। पाठक ने बताया कि धरने के बाद पार्टी सांसद राजभवन जाकर राज्यपाल राम नाईक से मुलाकात करके उन्हें ज्ञापन भी सौंपेंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।