(UTTARPRADESH, India)
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के इन आरोपों को खारिज किया कि देश में साम्प्रदायिक झगड़ों के लिए भाजपा जिम्मेदार है या राजग शासन में 600 से अधिक साम्प्रदायिक घटनाएं हुई हैं। शाह ने कहा कि साम्प्रदायिक तनाव बढ़ने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस का ‘एक तरफा नजरिया’ जिम्मेदार है। उन्होंने कहा, ‘महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनाव होने जा रहे हैं। वहां साम्प्रदायिक तनाव क्यों नहीं है? केवल यूपी में क्यों है? अगर यूपी में साम्प्रदायिक तनाव जारी रहता है, मैं आपको बताता हूं, भाजपा पूर्ण बहुमत से यूपी में अगली सरकार बनाएगी।’ शाह ने ये बातें एक टेलीविजन कार्यक्रम में कहीं। भाजपा अध्यक्ष ने नरेन्द्र मोदी सरकार के मंत्रियों को लेकर मीडिया में आ रही खबरों को भी ‘‘बेबुनियाद और गुमराह करने वाली’’ बताते हुए कहा कि ऐसा राजग सरकार की छवि खराब करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा, अगर अखबारों को लगता है कि उनकी रिपोर्ट सही है तो वे कम से कम उन मंत्रियों के नाम और खबरों का सूत्र बताएं। शाह ने कहा कि मोदी सरकार में ‘‘नंबर 2’’ के लिए कोई मतभेद नहीं है। ‘‘राजनाथजी नंबर 2 हैं और यह बैठने की व्यवस्था से स्पष्ट है। इसमें कोई भ्रम नहीं है।’’ हाल के कुछ उप-चुनावों में भाजपा को लगे झटके के बावजूद उन्होंने दावा किया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को दो तिहाई बहुमत मिलेगा और महाराष्ट्र, झारखंड तथा जम्मू कश्मीर में भी उनके दल की सरकारें बनेंगी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।