भारत और जर्मनी कई क्षेत्रों में साझेदारी विकसित करने पर सहमत
(International)
भारत और जर्मनी कौशल विकास, स्वच्छ ऊर्जा, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और नदियों को स्वच्छ करने के क्षेत्रों में नई साझेदारी विकसित करने पर सोमवार को सहमत हुए। भारत के दौरे पर आए जर्मनी के विदेश मंत्री डॉ फ्रैंक वाल्टर स्टेनमेयर ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। जिसके बाद मोदी ने कहा कि जर्मनी और भारत एक दूसरे के लिए बने हैं। मोदी ने कहा कि दोनों देश पूरक कौशलों और संसाधनों के कारण विनिर्माण और ढांचागत विकास में साझेदारी करने के जरिये औद्योगिक विकास की अगली पीढ़ी को ताकत दे सकते हैं। मोदी ने सलाह दी कि कौशल विकास के क्षेत्र में जर्मनी की ताकत और अनुभव का लाभ उठाकर दोनों पक्ष भारतीय जरूरतों और कुशल मानव संसाधनों की वैश्विक जरूरतों की पूर्ति के लिए भारतीय युवकों की एक ठोस प्रशिक्षण योजना विकसित करें। इस भेंट के दौरान स्टेनमेयर ने भारत में नई सरकार के साथ मिलकर काम करने की जर्मनी की मजबूत इच्छा जताई। जिससे द्विपक्षीय संबंध, विस्तारित और गहरे हों। उन्होंने हनोवर मैसे 2015 में भारत के एक साझेदार देश के रूप में भाग लेने के लिए जर्मनी की चांसलर मार्केल के आमंत्रण को स्वीकार करने के भारत के फैसले का स्वागत किया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।