सीरिया में डच मूल की लड़की के जिहादी पति ने किया खुलासा
(International) बीते साल फरवरी में डच मूल की 19 वर्षीय लड़की आइचा इस्लामी चरमपंथ से प्रभावित होकर सीरिया भाग आई थी। उसने एक जिहादी से शादी कर ली थी। लेकिन हाल ही में लड़की की मां उसे वापस ले आई और उसे जिहादी पति से छुटकारा दिला दिया। लड़की ने आरोप लगाया है कि पति उसको गुलाम बनाकर रखता था। लेकिन आइचा के पति ओमर यिलमज का कहना है कि वह बहुत अच्छी पत्नी थी। उसके साथ कभी भी बुरा बर्ताव नहीं किया गया। ओमर ने बताया कि उसकी पत्नी जिहादियों के लिए खाना बनाती थी और चाय पार्टी करती थी। वह बहुत खुश थी। आइचा और वह आपसी सहमति से ही अलग हुए हैं। यिलमज डच मिलिट्री का सदस्य रह चुका है। बाद में वह इस्लामी चरमपंथियों के साथ जिहाद की राह पर चल पड़ा था। यिलमज ने बताया कि आइचा से प्यार होने के बाद उसने शादी कर ली थी। वह एक हाउस वाइफ के तौर पर बहुत अच्छी जिंदगी बिता रही थी। वह ज्यादातर समय खाना बनाने, पड़ोसी महिलाओं के साथ बातें करने और महिलाओं वाले काम करने में बिताती थी। यिलमज के मुताबिक, उसने आइचा को कभी नुकसान नहीं पहुंचाया है। वह हर दिन अपने परिवार के संपर्क में रहती थी। वहीं, आइचा ने तुर्की मीडिया को बताया था कि उसके साथ गुलामों जैसा बर्ताव किया जाता था। आइचा की मां मॉनिक वर्बट ने बताया कि उसे ख़बर मिली थी कि उसकी बेटी के साथ गुलामों जैसा व्यवहार हो रहा है। इसलिए वह सीरिया से उसे ले आई। आइचा के नीदरलैंड आते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आतंकी संगठन में शामिल होने के लिए उसे 30 साल की सजा हो सकती है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।