पोप फ्रांसिस ने रविवार को एक विशेष समारोह में भारत के फादर कुरिआकोसी इलिआस चावारा और सिस्टर यूप्रासिआ को मरणोपरांत संत की उपाधि दी। छह साल पहले सिस्टर अलफोंसा संत की उपाधि पाने वाली पहली भारतीय महिला थीं। वेटिकन के सेंट पीटर्स चैक में आयोजित एक विशेष प्रार्थना समारोह के दौरान पोप ने केरल के कैथोलिक पादरी चावारा और सिस्टर यूप्रासिआ के साथ चार अन्य को संत घोषित किया। इस सार्वजनिक समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, बिशप, पादरी और नन जुटी थीं। इस पल का गवाह बनने के लिए केरल से बड़ी संख्या में ईसाई श्रद्धालु वेटिकन पहुंचे। भारत सरकार की ओर से भी एक दल आया है जिसका नेतृत्व राज्यसभा के उपसभापति पीजे कुरियन कर रहे हैं। जिन अन्य चार धर्मगुरुओं को संत की उपाधि दी गई है, उनमें इटली के गियोवन्नि एंटोनियो फरीन, लुडोविको दा कैसोरिया, निकोला दा लांगोबार्दी और अमाटो रोंकोनि शामिल हैं। एक लंबी प्रक्रिया के बाद पादरी चावारा और सिस्टर यूप्रासिआ को संत की उपाधि से नवाजा गया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।