25 साल के ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ह्यूज की मौत, गावस्कर बोले-रद्द हो पहला टेस्ट
(International) सिडनी. ऑस्ट्रेलिया के 25 वर्षीय ओपनर बल्लेबाज फिलिप ह्यूज नहीं रहे। वह दो दिन से कोमा में थे। गुरुवार को उन्होंने आखिरी सांस ली। ह्यूज की मौत के बाद टीम इंडिया का दो दिनों का प्रैक्टिस मैच रद्द कर दिया गया है। वहीं, ह्यूज के निधन के चलते पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर सुनील गावसकर ने चार दिसंबर से शुरू हो रहे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले टेस्ट मैच को रद्द करने की मांग की है। गावसकर के मुताबिक, दोनों टीमों के खिलाड़ी इस समय खेलने के मूड में नहीं होंगे। उनकी मानसिक स्थिति ऐसी नहीं होगी कि वे खेलें। इसलिए दोनों देशों के बोर्ड को पहले टेस्ट को रद्द करने के बारे में सोचना चाहिए। ह्यूज न्यू साउथ वेल्स के 22 वर्षीय गेंदबाज सीन एबोट की एक बाउंसर गेंद से चोटिल होकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उस समय वह सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर घेरेलू शैफील्ड शील्ड ट्रॉफी का मैच खेल रहे थे। वह 63 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे कि एबॉट की एक बाउंसर गेंद से चोटिल होकर वह मैदान पर ही ढेर हो गए। करीब 40 मिनट तक मैदान में ही उनका इलाज किया गया। लेकिन हालत नहीं सुधरी। तब एयर एंबुलेंस से उन्हें सेंट विंसेंट अस्पताल पहुंचाया गया था। वहां उनके सिर की आपात सर्जरी की गई। लेकिन सर्जरी के बाद से ही वह कोमा में थे और फिर कभी नहीं उठ सके।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।