पेशावर स्कूल हमला: 'कायर' तालिबान ने की निर्दोष छात्रों की हत्या, 130 से ज्यादा की मौत
(DELHI, International) खैबर पख्तून ख्वाह के मुख्यमंत्री परवेज खटक ने 100 से ज्यादा बच्चों के मारे जाने की पुष्टि की है। हमले में 130 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। सेना की कार्रवाई में सभी छह आतंकवादी मारे गए हैं। इस कायराना हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने ली है। तालिबान ने एक बयान में कहा है कि वह अपने लोगों के मारे जाने का दुख पाकिस्तानी सेना को अनुभव कराना चाहता था। खबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री परवेज खटक ने संवाददाताओं को बताया कि अर्धसैनिक फ्रंटियर कोर की वर्दी पहनकर आए आठ से दस आत्मघाती हमलावर सुबह साढे दस बजे (स्थानीय समय) वरसाक रोड स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में घुस गए और उन्होंने अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि हमले में अब तक 124 छात्रों, एक शिक्षिका और सेना के एक जवान की मौत हुई है। कम से कम 122 अन्य लोग घायल हुए। चश्मदीदों ने स्थानीय मीडिया से कहा कि हाल के वर्षों में बच्चों के खिलाफ दुनियाभर में अब तक के सबसे बर्बर हमलों में से एक हमले में, आतंकवादियों ने कक्षाओं घुसकर हैरान छात्रों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। जिंदा बचे एक छात्र ने संवाददाताओं से कहा कि हमलावरों की लंबी दाढी थी और वे ‘सलवार कमीज’ पहने थे। उसने कहा कि वे अरबी भाषा में बोल रहे थे और विदेशी लग रहे थे। खटक ने कहा कि लेडी रीडिंग अस्पताल (एलआरएच) में कम से कम 24 शव और कम्बाइंड मिल्रिटी अस्पताल (सीएमएच) में 60 शव मौजूद हैं। कम से कम 43 घायलों को एलआरएच में और 40 को सीएमएच में तथा अन्य को पास के अस्पतालों में ले जाया गया है। खटक ने बताया कि स्कूल इमारत के अंदर कम से कम एक आतंकवादी ने अपने को बम से उड़ा लिया। दो से तीन हमलावर मारे गए और पांच से छह हमलावर अभी भी परिसर में मौजूद हैं। उन्होंने तीन दिवसीय शोक की घोषणा की। हमलावर सेना को इमारत में घुसने से रोकने के लिए कई छात्रों को बंधक बनाकर उन्हें मानव ढाल के रूप में प्रयोग कर रहे हैं। अधिकारिक सूत्रों ने कहा कि संख्या बढ़ सकती है। प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने हमले की निंदा करते हुए इसे ‘राष्ट्रीय त्रासदी’ करार दिया। अभियान पर स्वयं नजर रखने के लिए वह पेशावर पहुंचे हैं। सेना प्रमुख जनरल रहील शरीफ भी क्वेटा से पेशावर पहुंचे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।