अच्छे और बुरे तालिबान में फर्क नहीं करने की प्रतिबद्धता जताते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने घोषणा की है कि आतंकवाद से लड़ने के लिए पाकिस्तान के पास एक हफ्ते में राष्ट्रीय योजना होगी। पेशावर में तालिबानी आतंकवादियों के हमले में बच्चों सहित 148 लोगों के मारे जाने के एक दिन बाद उन्होंने ये घोषणा की। आर्मी पब्लिक स्कूल में हुए नरसंहार के संदर्भ में सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए शरीफ ने कहा, आज की बैठक में निर्णय किया गया कि आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई का मसौदा तैयार किया जाए और इस पर तुरंत काम किया जाए। मीडिया को संबोधित करते हुए शरीफ ने हमले की निंदा की और इसे पाकिस्तान के इतिहास में सबसे भीषण हमला करार दिया। उनके साथ नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता खुर्शीद शाह और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष इमरान खान भी संवाददाता सम्मेलन में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि ये जघन्य हमला बर्बरता की हद है। जिसका उदाहरण इतिहास में नहीं मिल सकता। उन्होंने कहा कि हम घोषणा करते हैं कि अच्छे और बुरे तालिबान में फर्क नहीं किया जाएगा और अंतिम आतंकवादी का खात्मा किए जाने तक हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई की प्रतिबद्धता जताते हैं। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई हमारी लड़ाई है और इससे लड़ने के लिए संपूर्ण रोडमैप की जरूरत है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।