(International)
पाकिस्तान ने कहा कि मुंबई हमले के षणयंत्रकारी लखवी को रिहा नहीं किया गया है और उसको मिली जमानत को चुनौती देने के लिए कोर्ट में याचिका दायर की जाएगी। गौर हो कि प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने संवाददाताओं से कहा था कि लखवी को रिहा नहीं किया गया है और सरकार अदालत द्वारा जमानत दिए जाने के खिलाफ याचिका पर समीक्षा कर रही है। अजीज ने साल 2007 के समझौता एक्सप्रेस विस्फोट का मुद्दा भी उठाया और उम्मीद जताई कि भारत इस मामले में प्रगति दिखाएगा। समझौता एक्सप्रेस विस्फोट में 70 लोग मारे गए थे जिनमें अधिकांश पाकिस्तानी नागरिक शामिल थे। एक सवाल के जवाब में अजीज ने कहा कि पाकिस्तान-भारत संवाद को बहाल करने के लिए गंभीर प्रयासों की जरूरत है। बीते 18 दिसंबर को इस्लामाबाद की एक आतंकवाद विरोधी अदालत ने लखवी को जमानत दे दी थी, हालांकि प्रशासन ने बीते दिन उसे तीने महीने के लिए हिरासत में रखने का फैसला किया था। वहीं, भारत ने पाकिस्तान की एक अदालत द्वारा लखवी को जमानत देने के फैसले का भारी विरोध किया था। भारत ने लखवी के मामले पर कड़ा रुख अपनाया और इसके बाद दबाव में आकर पाकिस्तान ने भी इस पर कदम उठाया। अभी पाकिस्तान सरकार ने लखवी के खिलाफ सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने संबंधी कानून के कड़े प्रावधान लागू करके उसे तीन माह के लिए जेल में रखने की व्यवस्था की है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।