(International)
एयर एशिया के दुर्घटनाग्रस्त विमान के जावा समुद्र के अंदर मिले मलबे और शवों को निकालने का काम बुधवार को शुरू हो गया है। इंडोनेशियाई खोज एवं बचाव दल के खोजी अभियान का आज चौथा दिन है। गौर हो कि यह विमान बीते रविवार की सुबह लापता हो गया था। हादसे का कारण अब भी रहस्य का विषय बना हुआ है। विमान में कुल 162 लोग सवार थे। एक रिपोर्ट के अनुसार, एयर एशिया के लापता विमान का ब्लैक बॉक्स मिल गया है। वहीं, इंडोनेशिया की सर्च टीम को एक सोनार तस्वीर मिली है। जिससे यह संकेत मिल रहा है कि लापता विमान की बॉडी जावा सागर के निचले हिस्से में है। एक न्यूजपेपर के हवाले से खबर दी गई कि इस तस्वीर में ऐसा आभास हो रहा है कि विमान की बॉडी पानी की गहराई में 24-30 मीटर नीचे है। सर्च टीम के चीफ बैमबैंग सोएलिस्टियो के अनुसार, अभी तक छह शव बरामद किए गए हैं, जिसमें एक महिला के शरीर पर क्रू मेंबर का ड्रेस है।जैसे ही मौसम साफ होता है, शवों को पेंगकलान बुन लाया जाएगा। इससे पहले, लापता विमान का मलबा और तैरते हुए शव मंगलवार को कारीमाता स्ट्रेट में देखे गए थे लेकिन सिर्फ तीन ही शव निकले जा सके थे क्योंकि खराब मौसम एवं ऊंची उठती लहरों के कारण खोज और बचाव कार्य बाधित हो गया था। ऐसा माना जाता है कि 162 लोगों को ले जा रहा एयर एशिया का विमान क्यूजेड8501 रविवार को पूर्वी जावा में सुराबाया से सिंगापुर के लिए उड़ान भरने के बाद जावा समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। मीडिया में आई खबरों में मलेशिया के नौसन्य प्रमुख अब्दुल अजीज जाफर के हवाले से कहा गया कि आज के खोज अभियान में चार सेक्टरों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। आज की खोज में विभिन्न देशों के विशेषज्ञों, पोतों और विमानों की मदद ली जा रही है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।