ओबामा ने किया ओलांद को फोन, पेरिस हमले पर जताया दुख
(International) पेरिस में एक व्यंग्य पत्रिका को निशाना बनाकर किये गये घातक हमले में 12 लोगों के मारे जाने को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने फ्रांस के अपने समकक्ष फ्रांसवा ओलांद को फोन कर दुख व्यक्त किया है और हमलावरों को न्याय के कठघरे में लाने के लिए सहायता की पेशकश की है। व्हाइट हाउस ने कल कहा, ‘पेरिस में हुये भीषण आतंकवादी हमले के बाद राष्ट्रपति बराक ओबामा ने फ्रांस के राष्ट्रपति ओलांद को एयरफोर्स वन से अपनी संवेदना व्यक्त की और एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए खुद फोन किया।’ ओबामा ने फ्रांस को अमेरिका की तरफ से आतंकवादी हमले में योजना बनाने में मदद करने वाले या इस आतंकवादी हमले में सहायता करने वालों की पहचान, गिरफ्तारी, अपराधियों को न्याय के कठघरे में लाने में मदद करने में संसाधनों की पेशकश की है। इसने कहा, ‘राष्ट्रपति ओलांद ने समर्थन के लिए राष्ट्रपति ओबामा को धन्यवाद दिया और सुरक्षा के लिए उठाये गये कदमों तथा जिम्मेदार लोगों को पकड़ने के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने जोर दिया कि फ्रांस ऐसी विपत्ति के समय में कभी भी घबराता नहीं है और स्वतंत्रता के मूल्यों, फ्रांस गणराज्य की सहिष्णुता और अपने लोगों के प्रति उदारता की रक्षा के लिए काम करता रहेगा।’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।