मुंबई हमले की सुनवाई कर रहे जज का तबादला
(International)

मुंबई हमले में सात पाकिस्तानी नागरिकों की संलिप्तता के मामले की सुनवाई कर रही इस्लामाबाद की आतंकरोधी अदालत (एटीसी) के जज कौसर अब्बास जैदी का बुधवार को तबादला कर दिया। साथ ही मामले को सुनवाई के लिए दूसरी अदालत में भेज दिया गया है। 2008 में हुए मुंबई हमले की पाकिस्तान में 2009 में सुनवाई शुरू हुई थी। इसके बाद से आठवीं बार जज का तबादला किया गया है। जैदी ने ही मुंबई हमले के मास्टरमाइंड जकी उर रहमान लखवी को जमानत दी थी। वे पिछले तीन महीने से इस मामले की सुनवाई कर रहे थे। उनके तबादले और मामले को दूसरी अदालत में भेजने से सुनवाई में और देरी होगी। अभियोजन पक्ष के प्रमुख चैधरी अजहर ने बताया कि इस मामले की सुनवाई अब एटीसी-2 इस्लामाबाद 28 जनवरी से शुरू करेगी। उन्होंने बताया कि कुल 31 मामलों को एटीसी-1 और एटीसी-2 के बीच बांट दिया गया है। वहीं, अदालत से जुड़े सूत्र ने जैदी के तबादले के पीछे की वजह लखवी की जमानत को बताया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।