सीरिया में आतंकी संगठन हिजबुल्ला को बड़ा झटका लगा है। इजरायल की ओर से किए गए हवाई हमले में संगठन के पूर्व सैन्य प्रमुख इमाद मोगनिया का बेटा और एक कमांडर मारे गए। माना जा रहा है कि इस हमले के बाद संगठन बदले की कार्रवाई कर सकता है। आतंकी संगठन ने बताया कि क्यूनित्रा प्रांत में जिहाद मोगनिया और कमांडर मोहम्मद इसा को लेकर जा रहे एक वाहन पर यह हमला हुआ। इजरायल के कब्जे वाले गोलन हाइट्स के निकट स्थित प्रांत में हुए इस हमले में आतंकी संगठन के छह सदस्य मारे गए। मारे गए आतंकियों में ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड का जनरल भी शामिल है। समाचार वेबसाइट दाना ने जनरल मोहम्मद अल्लाहदादी के मारे जाने की सूचना दी है। ईरान समर्थित शिया मुस्लिम संगठन हिजबुल्ला के नेता सैयद हसन नसरल्ला ने सीरिया में होने वाले इजरायली हमले को आक्रामक बताया है। हिजबुल्ला ने 2006 में इजरायल से 34 दिनों तक लड़ाई की थी और उसके लड़ाके अभी सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद की ओर से विद्रोहियों के खिलाफ लड़ रहे हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।