अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा की मुलाकात के बाद चीन बौखलाया हुआ है। उसने दुनिया को तिब्बत के निर्वासित आध्यात्मिक नेता से दूर रहने को कहा है। बीजिंग ने दलाई लामा की मेजबानी करने और तिब्बत को लेकर चीन के घरेलू मामलों में हस्तक्षेप करने पर दूसरे देशों को चेताया है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता होंग ली ने शुक्रवार को कहा कि चीन इसके खिलाफ है कि तिब्बत के बहाने दूसरे देश उसके घरेलू मामलों में हस्तक्षेप करें। इस मामले में बाहरी दखलंदाजी सहन नहीं की जा सकती। चीन का यह बयान दलाई लामा और अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के पहली बार सार्वजनिक कार्यक्रम में साथ-साथ दिखने के बाद आया है। वाशिंगटन में गुरुवार को ओबामा ने नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट में दलाई लामा का स्वागत करते हुए उन्हें अच्छा दोस्त और स्वतंत्रा और गरिमा की लड़ाई का प्रेरणास्रोत बताया था। ली ने किसी देश का नाम लिए बगैर कहा कि दलाई लामा राजनीतिक तौर पर समाप्त हो चुके हैं। यही कारण है कि वे दूसरे देशों से समर्थन मांग रहे हैं, लेकिन वे इसमें कामयाब नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि दलाई लामा लंबे समय से चीन विरोधी अलगाववादी गतिविधियों में लिप्त हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।