भारत ने सेशेल्स के साथ रणनीतिक भागीदारी को मजबूत करते हुये सुरक्षा और नौवहन क्षेत्र में भागीदारी बढ़ाने के लिए बुधवार को चार समझौतों पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन देशों के यात्रा के तहत अपने पहले पड़ाव पर यहां पहुंचे है। उन्होंने सेशल्स के राष्ट्रपति जेम्स एलेक्स माइकल के साथ बातचीत की और कहा कि सेशेल्स हमारे हिन्द महासागर के पड़ोस में अहम भागीदार है। मोदी पिछले 34 साल में सेशेल्स की यात्रा करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने वर्ष 1981 में इस देश की यात्रा की थी। सेशेल्स के राष्ट्रपति के साथ मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में मोदी ने हिन्द महासागर स्थित इस द्वीपीय देश को भारत की ओर से दूसरा ड्रोनियर विमान देने की घोषणा की। मोदी ने इस अवसर पर तटीय निगरानी राडार परियोजना की भी शुरआत की। उन्होंने इस परियोजना को दोनों देशों के बीच सहयोग का एक ओर प्रतीक बताया। उन्होंने सेशेल्स को विश्वसनीय दोस्त और रणनीतिक भागीदार बताते हुए कहा कि हमारी सुरक्षा भागीदारी मजबूत है। इससे हमें क्षेत्र में नौवहन सुरक्षा को आधुनिक बनाने की हमारी साझा जिम्मेदारी को पूरा करने में मदद मिली है। मोदी और माइकल ने इस दौरान जल क्षेत्र मापन, अक्षय उर्जा, ढांचागत सुविधाओं के विकास और नौवहन चार्ट सौदा तथा इलेक्ट्रानिक नौसंचालन संबंधी चार्ट से जुड़े चार अहम् समझौते पर हस्ताक्षर किए।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।