नक्सलियों ने एक की हत्या के बाद किया बंधकों को रिहा
(India)
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में ग्रामीणों के अपहरण के बाद नक्सलियों ने एक ग्रामीण की हत्या कर दी और अन्य सभी बंधकों को रिहा कर दिया। सुकमा के पुलिस अधीक्षक डी श्रवण ने बताया कि जिले के मोरेंगा और आसपास के गांव से ग्रामीणों के अपहरण के बाद नक्सलियों ने मोरेंगा गांव के करीब नदी में पुल निर्माण कार्य के मुंशी सदाराम की लाठी डंडे से पीट पीटकर हत्या कर दी और अन्य ग्रामीणों को रिहा कर दिया है। श्रवण ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि नक्सलियों ने गादम और मुनगा गांव के करीब जन अदालत लगायी थी जिसमें मोरेंगा और अन्य गांवों के ग्रामीणों को बुलाया गया था। बाद में नक्सलियों ने सदाराम की हत्या कर दी।उन्होंने बताया कि हत्या के बाद नक्सलियों ने सदाराम के शव को ग्रामीणों के साथ उसके गांव मोरेंगा भेज दिया। ग्रामीण सदाराम का शव लेकर वापस पहुंच गए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मोरेंगा के करीब नदी में पुल निर्माण का कार्य चल रहा है। नक्सली पुल के निर्माण का विरोध कर रहे हैं। पुल निर्माण के विरोध के कारण ही नक्सलियों ने ग्रामीणों का अपहरण कर लिया था। अपहरण की घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस दल को रवाना किया गया था। पुलिस आरोपी नक्सलियों की खोज कर रही है।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।