ईरान समझौते की समीक्षा के विधेयक को हरी झंडी
(International)

परमाणु कार्यक्रम को लेकर ईरान से होने वाले समझौते की समीक्षा के लिए विधेयक पर राष्ट्रपति बराक ओबामा ने हस्ताक्षर कर दिए हैं। अमेरिकी संसद अब समझौते की न केवल समीक्षा कर सकती है, बल्कि उसे खारिज करने की शक्ति भी उसके पास होगी। ओबामा की स्वीकृति मिलने के बाद यह विधेयक कानून में बदल गया है। इसके तहत अमेरिकी संसद ईरान से हुए समझौते की तीस दिनों के अंदर समीक्षा कर सकती है। इस अवधि में राष्ट्रपति ईरान पर लगाए गए प्रतिबंधों को नहीं हटा सकेंगे। समझौता खारिज होने की स्थिति में ओबामा की सरकार संसद की ओर से ईरान पर लगाए गए विशेष आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने की शक्ति गंवा देगी। हालांकि राष्ट्रपति को मिले विशेषाधिकार के तहत ओबामा समझौते को फिर बहाल कर सकेंगे। ओबामा ने शुक्रवार को कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से किसी भी तरह रोकना होगा और वह ऐसे समझौते को कभी स्वीकार नहीं करेंगे जिससे अमेरिका का हित खतरे में पड़ जाएं। ईरान के साथ तीस जून तक इस पर अंतिम समझौता होने की उम्मीद है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।