आईएस ने लीबिया में 88 ईसाइयों को बंधक बनाया
(International)

खूंखार आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के आतंकियों ने लीबिया में 88 एरिट्रियन ईसाइयों को बंधक बना लिया है। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने इस खबर की पुष्टि की है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक आतंकियों ने बुधवार को इन लोगों को लीबिया के त्रिपोली शहर के दक्षिणी इलाके से अगवा किया था। यह सभी आतंक प्रभावित इलाके को छोड़ यूरोप जाने का प्रयास कर रहे थे। आतंकियों के शिकंजे से किसी तरह बच निकलने में कामयाब रहे तीन लोगों ने बताया कि आतंकियों ने अगवा किए लोगों से कुरान की आयतों के बारे में भी पूछा ताकि उनके धर्म की पहचान की जा सके। इसके बाद आतंकियों ने मुसलमानों को जाने दिया, जबकि ईसाईयों को बंधक बना लिया। एरिट्रियन ईसाई शरणार्थियों की मदद के लिए काम करने वाले स्टॉकहोम के एक आयोग के सदस्य मेरोन एस्टफनोस ने बताया कि आतंकियों ने जिन लोगों को बंधक बनाया था, उनमें 12 मुस्लिम और कुछ इजिप्ट के लोग भी शामिल थे। एस्टफनोस ने बताया कि आतंकी मुस्लिमों के ईसाइयों से अलग एक ट्रक में लेकर गए। यही नहीं ईसाइयों के साथ अगवा की गई 12 महिलाओं को भी उनसे अलग कर दिया गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।