पाकिस्तान ने की भारत की ‘दीवार’ की शिकायत
(International)
पाकिस्तान ने द्विपक्षीय संबंधों में एक नया रोड़ा डालते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से शिकायत करते हुए यह आरोप लगाया है कि भारत वैश्विक निकाय के प्रस्तावों का उल्लंघन करते हुए नियंत्रण रेखा पर एक दीवार के निर्माण की योजना बना रहा है। संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की राजदूत मलीहा लोधी ने सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष रूसी राजदूत विताली को लिखे पत्र में आरोप लगाया है कि भारत जम्मू कश्मीर और पाकिस्तान के बीच स्थित 197 किलोमीटर लंबी कामकाजी सीमा पर 10 मीटर ऊंचा और 135 फुट चैड़ा पुश्ता (दीवार) बनाने की योजना बना रहा है। पाकिस्तान के अनुसार दीवार की योजना इसलिए बनायी गई है ताकि नियंत्रण रेखा को ‘एक अर्ध अंतरराष्ट्रीय सीमा’ में तब्दील किया जा सके। भारत ने कथित दीवार की योजना के आरोप पर तत्काल कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं जतायी है लेकिन लोधी की ओर से क्रमशरू चार सितम्बर और नौ सितम्बर को लिखे गए दो पत्रों की सामग्री को ‘विरोधाभासी’ बताया है।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने यहां संवाददाताओं से कहा कि भारत इन दावों का ‘‘एक उचित समय पर’’ जवाब देगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ यहां वाल्डोर्फ एस्टोरिया होटल में रूके हुए हैं लेकिन लोधी के पत्रों में पाकिस्तान का जो रूख झलकता है उससे यह प्रतीत होता है कि इसने संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर दोनों देशों के नेताओं के बीच किसी बैठक की संभावना को और कम कर दिया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।