ब्रिटेन में ‘मोदी एक्सप्रेस’ बस की शुरूआत
(International)
ब्रिटेन में भारतीय समुदाय के समूहों ने अगले महीने देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले दौरे के उपलक्ष्य में चर्चित स्थलों के इर्द गिर्द एक माह के लिए ‘मोदी एक्सप्रेस’ बस की शुरूआत की है। रविवार को शुरूआत होने के बाद यह बस सबसे पहले वेंबली के एलिंग रोड पर रूकी, जिसे लिटिल इंडिया के नाम से जाना जाता है। इसके बाद बस का अगला पड़ा ट्रैफलगर स्कवायर है। यूके वेलकम्स मोदी आयोजन समिति की मयूरी परमार ने कहा, हमने भारत में चाय पे चर्चा की, अब हम ब्रिटेन में बस पे चर्चा करेंगे। 13 नवंबर को वेंबली स्टेडियम में मोदी के भव्य स्वागत के लिए वेलकम पार्टनर्स के तौर पर समुदाय के 400 से ज्यादा संगठनों ने पंजीकरण कराया है। पारंपरिक रूप से नारियल फोड़कर बस का उद्घाटन करते हुए लॉर्ड डोलर पोपट ने कहा, बस की शुरूआत इस बात का एक और उदाहरण है कि ब्रिटेन और भारत में लोग एक सकारात्मक कारण के लिए साथ आ रहे हैं। उन्होंने कहा, हम नवंबर में प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर आशान्वित हैं। अपने समुदाय के सदस्यों को एक साथ आते और एक दूसरे का समर्थन करते देखकर मैं भी उत्साहित महसूस कर रहा हूं। ब्रिटेन में लंबे समय से भारतवंशी सांसद कीथ वाज ने लीसेस्टर से मोदी एक्सप्रेस बस से लोगों को जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा, आप (आने जाने के लिए) स्मार्ट कार्ड घर पर भले भूल जाएं लेकिन आप कहीं भी हों मोदी एक्सप्रेस से जुड़ने के लिए मोदी कार्ड लाना ना भूलें।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।