भूकंप में मृतकों की संख्या 300 हुई
(International)
उत्तरी अफगानिस्तान और पाकिस्तान में आये भूकंप में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन सौ से अधिक हो गई है। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी के उप प्रवक्ता सैयद जफर हाशमी ने कहा कि भूकंप से पाकिस्तान में 228 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, वहीं अफगानिस्तान में कम से कम 115 लोगों के मारे गये हैं। अफगानिस्तान के एक वरिष्ठ अधिकारी अब्दुल्ला अब्दुल्ला ने कहा कि अफगानिस्तान में भी भूकंप से व्यापक पैमाने पर नुकसान हुआ है। देश के विभिन्न इलाकों में लगभग चार हजार मकान पूरी तरह बर्बाद अथवा क्षतिग्रस्त हो गये। अफगानिस्तान के कुनार प्रांत के पुलिस प्रमुख अब्दुल हबीब खिल ने कहा कि हमारे पास राहत सामग्रियों की कमी है। इस प्रांत में सबसे अधिक नुकसान हुआ है जहां 42 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है। यहां पर पिछले चार दिन से बारिश होने के कारण मौसम काफी ठंडा है। खिल ने कहा कि इसके अलावा फैजाबाद, नूरिस्तान, लगमान, तखर, बगलान तथा नंगरहर में अधिक नुकसान हुआ है। वहीं पाकिस्तान के आपदा प्रबंधन अधिकारी लतिफ उर रहमान ने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान जारी है और लोगों को टेंट, कंबल एवं चटाई उपलब्ध करायी जा रही है। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण विभाग ने सोमवार को आये इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.5 मापी थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।