पहले से ही जलभराव की समस्या का सामना कर रहे अमेरिका के टेक्सास में एक बार फिर आए तेज तूफान एवं भारी बारिश वाले तीन चक्रवातों के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है. हाल ही में ह्यूस्टन पुलिस ने दो शव बरामद किए हैं. शुक्रवार को टेक्सास में खराब मौसम का दूसरा दिन था, जबकि मध्य टेक्सास में बाढ़ के पानी में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई. भारी तूफान पैट्रिशिया की मार झेल चुका टेक्सास अभी सूखने की कोशिश कर ही रहा था कि वह इन तूफानों और चक्रवातों के कारण एक बार फिर पानी में डूब गया. मौसम विज्ञानियों का कहना है कि ये तूफान और चक्रवात मेक्सिको से उच्चस्तरीय विक्षोभ के कारण आए हैं. ह्यूस्टन के कुछ इलाकों में शुक्रवार से लगभग 30 सेंटीमीटर तक बारिश हो चुकी है. हालांकि अधिकतर इलाकों में बारिश रूक गई थी. पानी सड़कों और मुख्य मार्गों पर आ गया और भारी वर्षा के कारण झीलों का जलस्तर बेहद बढ़ गया.
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।