अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा अगले साल पेरिस शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। व्हाइट हाउस ने घोषणा की है कि यह मुलाकात जलवायु परिवर्तन पर एक मजबूत वैश्विक समझौता तैयार करने के प्रयासों के तहत होगी। उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बेन रोडेस ने संवाददाताओं को बताया कि ओबामा 30 नवंबर को पेरिस जलवायु परिवर्तन सम्मेलन के शुरूआती दिन मोदी से मिलेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति दो सप्ताह तक चलने वाले जलवायु शिखर सम्मेलन के शुरू में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि अमेरिका चीन, भारत और फ्रांस के साथ मुलाकात में यह स्पष्ट संदेश देना चाहता है कि वह जलवायु परिवर्तन पर एक मजबूत अंतरराष्ट्रीय समक्षौते के लिए महत्वपूर्ण दिग्गजों के साथ काम करेगा। वर्ष 2014 के बाद से यह ओबामा की मोदी के साथ सातवीं मुलाकात होगी। रोडेस ने बताया, हम पूरे साल भारत के साथ इस बारे में बात करते रहे कि वे पेरिस में सफल परिणाम के लिए किस तरह रचनात्मक योगदान कर सकते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान मोदी और ओबामा ने न्यूयार्क में, संयुक्त राष्ट्र महासभा में द्विपक्षीय मुलाकात में और हालिया शिखर सम्मेलनों से अलग इस संबंध में बात की थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।