जर्मनी में सांसदों ने सीरिया में इस्लामिक स्टेट समूह के खिलाफ लड़ाई में देश द्वारा सीधी भूमिका निभाये जाने की योजना को शुक्रवार को मंजूरी दे दी। यह मंजूरी पेरिस में खतरनाक आतंकवादी हमले के बाद फ्रांस की अपील के मद्देनजर दी गई। संसद ने टोर्नाडो टोही विमान, एक युद्धपोत और करीब 1200 सैनिकों की तैनाती को मंजूरी दी। इसके पक्ष में 445 वोट और इसके खिलाफ 146 वोट पड़े। इस अभियान के लिए हरी झंडी जिहादियों द्वारा पेरिस में श्रृंखलाबद्ध हमलों में 130 लोगों की हत्या किये जाने के तीन सप्ताह बाद आई है। यह अभियान विदेश में जर्मनी की सबसे बड़ी तैनाती हो सकती है। फ्रांस ने हमलों के बाद आईएस को इराक और सीरिया से समाप्त करने के लिए यूरोपीय देशों को सैन्य मदद मुहैया कराने की अपील की थी। सीरिया पर अमेरिका नीत हवाई हमले में कल ब्रिटेन शामिल हो गया। जमीन पर सैनिकों के इस्तेमाल की बात को कई बार खारिज करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा भी इराक में 100 विशेष बलों को भेजने को सहमत हो गए हैं, जो सीरिया में छापेमारी करेंगे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।