कैलिफोर्निया गोलीबारी की हमलावर थी आईएस की वफादार
(International)
कैलिफोर्निया में पाकिस्तानी मूल के अपने अमेरिकी पति के साथ गोलीबारी करने वाली पाकिस्तानी महिला ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर इस्लामिक स्टेट आतंकवादी संगठन के नेता अबू बक्र अल-बगदादी के प्रति वफादारी जताई थी और इस हमले से पहले दूसरे हमलावर-अपने पति को कट्टरपंथ का पाठ पढ़ाया था। इस हमले में 14 लोगों की जान चली गयी। इस घटना की जांच से जुड़े तीन अमेरिकी अधिकारियों ने सीएनएन से कहा कि जब सान बनार्दिनो हमला चल रहा था तब 27 वर्षीय हमलावर तशफीन मलिक ने फेसबुक पर आईएस नेता के प्रति अपनी वफादारी का जिक्र करते हुए पोस्ट किया। एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि मलिक ने एक अलग नाम से बने अकाउंट से फेसबुक पर टिप्पणी की थी। अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि उन्हें कैसे पता चला कि मलिक ने ही पोस्ट किया था। एक कानून प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि बुधवार के हमला की प्रेरणा शायद इस्लामिक स्टेट से ली गयी हो। लेकिन किसी भी अधिकारी ने यह नहीं बताया कि आईएस ने इस हमले का निर्देश दिया था। इस हमले में 14 लोग मारे गए और 21 अन्य घायल हुए। बाद में हमलावर मलिक और उसके पति 28 वर्षीय सैयद रिजवान फारूक पुलिस मुठभेड़ में मारे गए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।