दिल्ली में आत्मघाती हमले की फिराक में लश्कर ए तैयबा
(International)
दिल्ली पुलिस को लश्कर ए तैयबा के दो सदस्यों की तलाश है जिन्होंने विशिष्ट लोगों को निशाना बनाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में आत्मघाती हमले करने की कथित रूप से साजिश रची है। एक पुलिस सूत्र ने बताया कि साजिश का खुलासा उस वक्त हुआ जब दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ को लश्कर-ए-तैयबा के दो संदिग्ध सदस्यों दुजाना और उकाशा के बारे में एक खुफिया सूचना मिली। इन दोनो ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से जम्मू कश्मीर में कथित तौर पर घुसपैठ की है, जिसके बाद एक एफआईआर दर्ज कराई गयी। सूत्र ने बताया कि यहां लोधी कॉलोनी में विशेष प्रकोष्ठ के कार्यालय में एक दिसंबर को भारतीय दंड संहिता की धारा 120 बी (आपराधिक षडयंत्र) और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गयी है और इसमें किसी भी संदिग्ध का नाम नहीं है। इसे संबंधित आतंकवाद निरोधक अदालत में दाखिल किया गया है। शिकायत के मुताबिक, लश्कर दिल्ली और देश के अन्य भागों में आतंकवादी हमले करने की साजिश रच रहा है, जिसके लिए संगठन के कथित आकाओं ने जम्मू कश्मीर और अन्य अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के जरिए अपने सदस्यों की भारत में घुसपैठ कराई है। पुलिस सूत्रों ने बताया, दुजान और उकाशा के रूप में पहचाने गये ये दोनो लश्कर सदस्य लंबे समय तक कश्मीर घाटी में रहे हैं और दिल्ली में जाने माने लोगों को निशाना बनाने के लिए फिदायीन अथवा ग्रेनेड हमला करने की योजना बना रहे हैं। हमले में वह खुद का या किसी अन्य लश्कर सदस्य का इस्तेमाल कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार माना जा रहा है कि ये लोग नोमान, जायद और खुर्शीद जैसे छदम नामों का इस्तेमाल कर रहे हैं। संदेह है कि वे शहर में भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बना सकते हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।