मसूद अजहर से भारत की पूछताछ करा सकता है पाकिस्तान
(International)

पाकिस्तान ने मंगलवार को कहा कि वह पठानकोट आतंकी हमले के साजिशकर्ता जैश ए मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर को पूछताछ के लिए भारतीय जांच एजेंसियों के लिए उपलब्ध करा सकता है, लेकिन पहले वह इस मामले की जांच करेगा। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर की इस टिप्पणी को पुराने ढंग की करार दिया कि पाकिस्तान में मौजूद सरकार से इतर तत्व सरकार की मदद ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्रिकर को अपनी जानकारी दुरूस्त करने की जरूरत है। अजीज ने मंगलवार को सुबह की बैठक में डिफेंस राइटर्स ग्रुप से कहा, ‘सबसे पहले हमें खुद जांच करनी है और (पता लगाना है कि) यह क्या है। अगर उसने कुछ (गलत) किया है तो हम (उसके) खिलाफ कदम उठाएंगे।’ भारत के साथ रणनीतिक एवं पारंपरिक अंसतुलन को अपने लिए सबसे बड़ी सुरक्षा चिंता करार देते हुए पाकिस्तान ने परमाणु हथियारों के जखीरे को कम करने के अमेरिकी आह्वान को ठुकरा दिया। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार अजीज ने कहा, ‘मुझे लगता है कि (पाकिस्तान की सबसे बड़ी) सुरक्षा चिंता भारत के साथ रणनीति और पारंपरिक असंतुलन है।’ उन्होंने कहा कि आतंकवाद इसके बाद आता है। एक सवाल के जवाब में अजीज ने कहा, आतंकवाद हमारी घरेलू चिंता है। यह अफगानिस्तान से आता है जो हमारी सीमा के भीतर हमारी दूसरी चिंता बन गया है। हम उम्मीद करते हैं कि अगले कुछ वर्षों में इसे नियंत्रित कर लिया जाएगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।