हिलेरी क्लिंटन मिशिगन प्राइमरी में हारीं
(International)




अमेरिकी राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी के दावेदार बर्नी सैंडर्स ने पार्टी की प्रमुख दावेदार हिलेरी क्लिंटन को मिशिगन प्राइमरी में हराकर अपनी बहुत बड़ी जीत दर्ज की है। इस जीत से 15 मार्च को फ्लोरिडा, ओहियो और तीन अन्य बड़े राज्यों में होने वाली महत्वपूर्ण प्राइमरीज से पहले सैंडर्स के अभियान को बढ़त मिली है। इससे पहले अमेरिकी राज्य मिसिसिप्पी में हिलेरी (68) जबर्दस्त जीत दर्ज कर सैंडर्स के खिलाफ अपने खाते में और अधिक प्रतिनिधियों को शामिल करने में सक्षम रहीं। बहरहाल, मिशिगन में 74 वर्षीय सैंडर्स से हिलेरी को ये मात बहुत कम अंतर से मिली जो शेष चुनावी अभियान में उनके (हिलेरी की) सामने आने वाली चुनौतियों का संकेत है। मिशिगन में हिलेरी की जीत आसान मानी जा रही थी और कुछ चुनावी सर्वेक्षणों के मुताबिक, वह 20 से अधिक प्वाइंट से आगे चल रही थीं। लेकिन, जैसे ही नतीजा सामने आया सैंडर्स ने 50 प्रतिशत डेमोक्रेटिक मतदाताओं का समर्थन हासिल कर जीत दर्ज की जबकि हिलेरी को 48 प्रतिशत मतदाताओं का समर्थन मिला। सैंडर्स ने एक बयान में कहा कि मिशिगन के लोगों ने सभी चुनाव पंडितों और सर्वेक्षकों को नकार दिया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।