अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सीरिया में रूस की सेना की सुनियोजित वापसी पर चर्चा की। यह जानकारी व्हाइट हाउस ने हैरान कर देने वाली रूसी सेना की आंशिक वापसी की उस घोषणा के कुछ घंटों बाद दी जो पांच साल पुराने संघर्ष में नए चरण का संकेत देती है। व्हाइट हाउस ने कल एक बयान में कहा, उन्होंने सीरिया से रूसी बलों की आंशिक वापसी की राष्ट्रपति पुतिन की घोषणा और संघर्ष विराम को पूरी तरह लागू करने के लिए आवश्यक अगले कदमों पर आज चर्चा की। इससे पूर्व अमेरिकी अधिकारियों ने आज से सीरियाई अरब गणराज्य से रूसी सैन्य टुकड़ियों के अहम भाग की वापसी शुरू करने के पुतिन के आदेश के सतर्क प्रारंभिक मूल्यांकन का प्रस्ताव रखा। पुतिन ने सितंबर में हवाई हमले शुरू करके और बड़े स्तर पर सेना की तैनाती करके लंबे और बर्बर युद्ध में हवा का रख सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद की ओर मोड़ दिया था और उनकी सत्ता को ढहने की कगार से बचा लिया था। हाल में शुरू किए गए संघर्षविराम का बार बार उल्लंघन किया गया है लेकिन ओबामा ने कहा कि इससे हिंसा में काफी कमी आई है। व्हाइट हाउस ने ओबामा के हवाले से कहा, सीरियाई शासन बलों द्वारा हमले की लगातार कार्रवाई से संघर्ष विराम और संयुक्त राष्ट्र नीत राजनीतिक प्रक्रिया के कमजोर होने का खतरा है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।