गाजा पट्टी से फलस्तीनी हमलावरों ने बीती रात रॉकेट दागकर पड़ोसी इस्राइल को निशाना बनाया, हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इस्राइली सेना ने एक बयान में कहा, गाजा पट्टी से दक्षिणी इस्राइल में एक रॉकेट दागा गया। शुरूआती रिपोर्ट में यह पता चला कि रॉकेट किसी खुले इलाके में गिरा, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सैन्य आंकड़ों के मुताबिक, इस्राइल और गाजा के उग्रवादियों के बीच 2014 में विनाशकारी युद्ध की समाप्ति के बाद हमास नियंत्रित फलस्तीनी तटीय पट्टी से कई बार गोलाबारी कर यहूदी देश को निशाना बनाया गया। इस्लामिक स्टेट से जुड़े होने का दावा करने वाले सुन्नी लड़ाकों का कहना है कि हाल के महीनों में रॉकेट दागने के पीछे उन्हीं का हाथ है, लेकिन इस्राइल ने हमलों की इन घटनाओं के लिए हमास को जिम्मेदार बताया है। गाजा के चिकित्सकीय सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार की रात चार रॉकेट इस्राइनल पर दागे गए। इसके बाद इस्राइल ने हमास के चार ठिकानों पर हवाई हमला किया। इनमें से उनके एक लक्ष्य के पास रह रही छह साल की एक बच्ची और 10 वर्षीय उसका भाई मारे गए।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।