उत्तराखंड में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने राज्य में राष्ट्रपति शासन की आज मंजूरी दे दी। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति ने उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लगाये जाने को मंजूरी दे दी है। गौरतलब है कि राज्य के राजनीतिक संकट पर विचार के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल देर रात मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई थी। राज्य के राजनीतिक घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल ने वहां राष्ट्रपति शासन लगाये जाने की सिफारिश की थी, जिस पर राष्ट्रपति ने आज मुहर लगा दी। उत्तराखंड कांग्रेस के बागी विधायकों ने यहां एक स्टिंग ऑपरेशन की सीडी जारी कर कल ही दावा किया था कि मुख्यमंत्री हरीश रावत विधायकों की खरीद-फरोख्त में लगे हुए हैं। उनके अनुसार सीडी में मुख्यमंत्री खुद विधायकों की खरीद-फरोख्त के लिए बात कर रहे हैं। इस सीडी के जारी होने के कुछ ही घंटे बाद भारतीय जनता पार्टी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने राष्ट्रपति से भेंट करके हरीश रावत सरकार को तुरन्त बर्खास्त करने की मांग की थी।
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।