ब्रिटिश का शाही जोड़ा रात को नहीं निहार पाएगा ताज
(International)


ब्रिटिश का शाही परिवार ताज देखने आ रहा है, लेकिन रात में स्मारक के दीदार की तमन्ना अधूरी रह जाएगी। परिवार के सदस्यों के पास समय कम होने के कारण ऐसा होगा। इस बार पूर्णिमा 21 अप्रैल को है, जबकि शाही परिवार के 16 अप्रैल को ताजमहल देखेंगे। हालांकि शाही परिवार अपने लगभग 12 घंटे के प्रवास के दौरान दो बार ताजमहल देखने जाएगा। इसके लिए सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सुबह और सूर्यास्त में भी स्मारक का दीदार करने का प्लान तैयार किया गया है। राजकुमारी डायना 11 फरवरी 1992 को ताज देखने आई थीं। अब दो दशक बाद उनके पुत्र प्रिंस विलियम और बहू केट मिडलटन 16 अप्रैल को आएंगे। डायना ने अकेले ही ताज का दीदार किया था, लेकिन उनके पुत्र ब्रिटिश शाही परिवार के 80 सदस्यों के साथ ताज की खूबसूरती को निहारने के लिए आ रहे हैं। इन मेहमानों के ठहरने के लिए ताजमहल के निकट ही पांच सितारा होटल अमर विलास में व्यवस्था की गई है। उच्चाधिकारियों के मुताबिक विलियम अपनी पत्नी के साथ सुबह 11.30 बजे और शाम को 6.30 बजे (दो बार) ताज का दीदार करेंगे। इस बार पूर्णिमा (फुल मून) 21 अप्रैल को है। इसलिए नाइट व्यू 19 से 23 अप्रैल तक होगा। इसके चलते शाही परिवार रात में ताज को नहीं निहार सकेंगे। वे होटल अमर विलास में अपने सुइट से ही स्मारक का दीदार करेंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।