पनामा पेपर्स मामले में सामने आई कानून कंपनी मोजेक फोंसेका पर पनामा की पुलिस ने छापा मारा है। श्बीबीसीश् की रिपोर्ट के मुताबिक अभियोजक ने कहा कि पनामा सिटी स्थित मोजेक फोंसेका के कार्यालय पर कार्रवाई की गई है। मोजेक फोंसेका से बड़े पैमाने पर लीक हुए दस्तावेजों में दुनिया के नामी गिरामी हस्तियों के कथित तौर पर कर चोरी के मकसद से की गई संदिग्ध आर्थिक गतिविधियों का खुलासा हुआ है। इन दस्तावेजों को पनामा पेपर्स कहा जा रहा है। कंपनी ने कहा है कि वह किसी भी गलत गतिविधि में शामिल नहीं है और हैकिंग का निशाना बनी है और सामने आई सूचनाओं को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। पनामा के राष्ट्रपति जुआन कार्लोस वरेला ने विदेशी वित्तीय गतिविधियों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए दूसरे देशों के साथ मिलकर काम करने का वादा किया है। पुलिस ने संगठित अपराध इकाई के अधिकारियों के साथ मंगलवार को कंपनी मुख्यालय पर छापा मारा। एटॉर्नी जनरल ने कहा कि छापा का मकसद समाचार आलेखों में प्रकाशित सूचनाओं से संबद्ध दस्तावेजों को हासिल करना था, जिनमें अवैध गतिविधियों में कंपनी की संलिप्तता बताई गई है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।