जापान में भूकंप से मरने वालों की संख्या 41 तक पहुंची
(International)
दक्षिण-पश्चिमी जापान के क्यूशू द्वीप में आए 7.3 तीव्रता के भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, कुमामोटो प्रांत में गुरुवार को आए भूकंप के बाद शनिवार को भी भूकंप आया। भूकंप व उसके बाद महसूस किए गए झटकों से क्षेत्र में हजारों लोग घायल हो गए। सरकार व मौसम एजेंसी ने रविवार को आगाह किया कि पूरे दिन में तेज हवाएं व भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने भूकंप और उसके बाद झटके आने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि विपरीत मौसम परिस्थितियां पहले से खराब हालात को और जटिल बना सकती हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है, क्योंकि अभी भी अनगिनत लोग मलबे के अंदर दबे हुए हैं। सार्वजनिक प्रसारक ‘एनएचके’ की ओर से रविवार को कहा गया कि 2,000 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, शनिवार को आया 7.3 तीव्रता का भूकंप अब मुख्य भूकंप माना जा रहा है। जबकि गुरुवार रात आए भूकंप की तीव्रता 6.5 मापी गई थी। वहीं, प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने रविवार को कहा, ‘‘पिछली रात पीड़ितों ने शेल्टरों में एक तकलीफ भरी रात गुजारी। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि पर्याप्त खाना, चिकित्सा सुविधा व पानी उपलब्ध कराया जाए।’’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।