दाऊद इब्राहिम की बीमारी और पैर काटे जाने की आशंका की खबर के बाद उसके मुख्य सहयोगी छोटा शकील का बयान सामने आया है जिसमें उसने तमाम खबरों को फर्जी बताते हुए कहा है, भाई एकदम फिट है, सेहतमंद है। एक अंग्रेजी अखबार से बात करते हुए छोटा शकील ने ये दावा किया है। इससे पहले खबर आई थी कि 1993 के मुंबई बम धमाकों के मुख्य साजिशकर्ता व देश के मोस्ट वांटेड अपराधी दाऊद इब्राहिम को गैंगरीन हो गया है। अगर जल्द ही उसका पैर नहीं काटा गया, तो पूरे शरीर में जहर फैलने से उसकी मौत भी हो सकती है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद का इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि उसकी स्थिति काफी ज्यादा बिगड़ चुकी है। चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया है। उसके ठीक होने की उम्मीदें बहुत ही कम हैं। उनके पास पैर काटने के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं बचा है। रिपोर्ट के मुताबिक मधुमेह की बीमारी से ग्रसित दाऊद का ब्लड शुगर लेवल बहुत ज्यादा बढ़ गया है, जिससे उसके शरीर में खून की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसके अलावा उसे हाई ब्लड प्रेशर की भी समस्या है। उसके पैर के अधिकांश हिस्से की कोशिकाएं मर चुकी हैं। गैंगरीन जहर पैदा कर रहा है, जिसके शरीर के बाकी हिस्से में भी फैलने की आशंका है। ऐसे में पैर काटना जरूरी है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।