इराक की संसद में प्रदर्शनकारियों ने की तोड़फोड़
(International)


इराक में नई कैबिनेट का गठन न होने से नाराज शिया प्रदर्शनकारी ने शनिवार को संसद भवन में घुस कर जमकर तोड़फोड़ और लूटपाट की। वहीं, सरकार के खिलाफ बढ़ते विरोध-प्रदर्शन के चलते बगदाद में आपातकाल लगा दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शिया मौलवी मुक्तादा अल सद्र के सैकड़ों समर्थकों ने संसद के ग्रीन जोन पर लगे गेट को तोड़ दिया और अंदर घुस कर भवन के कई हिस्से में तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार नई कैबिनेट को लेकर किसी नतीजे तक पहुंचने में नाकाम रही। ग्रीन जोन में संसद, राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री का कार्यालय होने के साथ ही अमेरिकी और कई अन्य देशों के दूतावास हैं। शिया नेता सद्र चाहते हैं कि प्रधानमंत्री हैदर अल अबादी अपने मौजूदा मंत्रियों को हटाकर उनकी जगह निष्पक्ष, किसी भी गुट से संबंध न रखने वाले तकनीकविद् लोगों को मंत्रिमंडल में शामिल करें। मगर इराक की ताकतवर राजनीतिक पार्टियां इस प्रस्ताव का विरोध कर रही हैं। संसद में शनिवार को जब इस प्रस्ताव पर आम सहमति नहीं बनी तो शिया प्रदर्शनकारी संसद के अंदर घुस आए। वहीं, सरकार के मंत्रियों पर भ्रष्टाचार और आतंकी संगठन आईएस से संबंध का भी आरोप है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।