असम के कोकराझार में आतंकवादियों ने की गोलीबारी
(India)
असम के कोकराझार में एक व्यस्त बाजार में शुक्रवार को सेना की वर्दी पहने आतंकवादियों की अंधाधुंध गोलीबारी में 12 लोगों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि एक हमलवार को मार गिराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने पहले एक ग्रेनेड फेंका और फिर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। घटनास्थल गुवाहाटी से लगभग 22० किलोमीटर की दूरी पर स्थित है असम पुलिस के प्रमुख मुकेश सहाय ने आईएएनएस से कहा कि एक हमलावर को सुरक्षाबलों ने मार गिराया। उन्होंने कहा कि घटना को अंजाम देकर चार आतंकवादी भाग निकले। घटनास्थल से एक ए.के. 56 राइफल तथा हथगोले बरामद हुए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि हमले के पीछे नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (सॉन्गबिजीत) हो सकता है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में कहा कि उन्होंने टेलीफोन पर मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बातचीत की। केंद्र सरकार हालात पर करीब से नजर बनाए हुए है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि लोगों की हत्याओं की बात सुनकर सरकार बेहद दुखी है। उन्होंने कहा, ‘‘हम इसका पता लगा रहे हैं कि हमले के पीछे आखिर कौन है।’’
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।