रेल हादसा महाकौशल एक्सप्रेस महोबा में दुर्घटनाग्रस्त 150 यात्री घायल
(India) जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन जा रही 12189 महाकौशल एक्सप्रेस गुरुवार को रात करीब सवा दो बजे महोबा के सूपा और कुलपहाड़ के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्रेन के चार एसी कोच पलट गए और तीन जनरल कोच पटरी से उतर गए। इसमें गार्ड कोच भी शामिल है। दुर्घटना से करीब 200 मीटर रेल पटरी पूरी तरह उखड़ गई, पटरी का बड़ा हिस्सा करीब 200 मीटर दूर जाकर गिरा। दुर्घटना में 150 से ज्यादा यात्री घायल हुए जिसमें से 6 गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सीएम ने सिद्धार्थनाथ सिंह से घटनास्थल पर जाने के आदेश दिए हैं। जंगल के बीच अंधेरे में दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन में फंसे यात्री बचाव के लिए चिल्लाते रहे लेकिन उनको राहत चार बजे के बाद मिल पायी जब महोबा के स्थानीय अधिकारी वहां पहुंचना शुरू हुए। पुलिस ने पलटे एसी कोचों के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया, करीब पांच बजे और अफसरों और आसपास जिलों की पुलिस पहुंचने के बाद यात्रियों को निकालने का काम तेजी से शुरू हुआ।

बसों से यात्रियों के महोबा जिला अस्पताल और झांसी भेजा गया। बांदा के डीआईजी ने मौके पर पहुंच कर राहत कार्य की कमान संभाली, साथ ही झांसी से रेलवे की विशेष राहत टीम रवाना की गई। स्वास्थ्य महकमे के अफसरों को मौके पर बुला लिया गया और रेलवे अफसरों ने कमान संभाल ली।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।