राजस्थान विधानसभा चुनाव: बीजेपी ने ग्यारह बागी नेताओं को पार्टी से निकाला और लगाया छह साल का प्रतिबंध
(Rajasthan, India) भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले अपने 11 बागी नेताओं को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। भाजपा ने इन नेताओं पर छह साल के लिए प्रतिबंध लगाया है। भाजपा ने यह कदम इसलिए उठाया है क्योंकि इन नेताओं ने पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने का फैसला किया था।
निकाले जाने वाले नेताओं में सुरेंद्र गोयल, लक्ष्मीनारायण दबे, राधेश्याम गंगानगर, हेमसिंह भड़ाना, राजकुमार रिणवां, रामेश्वर भाटी, कुलदीप धनकड़, दीनदयाल कुमावत, किशनाराम नाई, धनसिंह रावत व अनिता कटारा के नाम शामिल हैं।
भाजपा ने यह कदम विधानसभा चुनाव से एन पहले उठाकर यह संदेश दिया है कि पार्टी अपने निर्णयों पर किसी प्रकार का दबाव बर्दाश्त करने वाली नहीं है। बता दें कि इन बागी नेताओं ने टिकट न मिलने पर पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने का निर्णय लिया था।
भाजपा ने एक सूची जारी करते हुए स्पष्ट किया कि राजस्थान विधानसभा के चुनाव 2018 में भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के विरुद्ध चुनाव लड़ने के कारण इन सदस्यों को छह साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्काषित किया जाता है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।