पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा: झूठ पर झूठ बोल रहे हैं मोदी,पद की गरिमा का तो ध्यान रखें मोदी
(Jodhpur, Jodhpur) पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने पद की गरिमा के विरुद्ध जाकर झूठ बोलते जा रहे हैं। वे कहते हैं कि राजस्थान में कांग्रेस ने कभी बहुमत से सरकार बनाई ही नहीं, जबकि हमने 150 सीटें भी लाकर दिखाई है। वे कहते फिर रहे हैं कि यूरिया खाद कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों को नहीं मिली। उस समय ब्लैक किया जाता था, जबकि हकीकत ये है कि वर्तमान में पुलिस कस्टडी में यूरिया देने की नौबत आ चुकी है। वे भोंपू प्रचार खत्म होने से ठीक पहले यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और यहां की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे झूठ के सरताज है। मोदी यहां आते हैं और झूठ बोलकर चले जाते हैं। इससे ज्यादा झूठ क्या हो सकता है कि राजे कहती फिर रही है कि वे 55 डिग्री तापमान में भी रेगिस्तान में लोगों के बीच जाती रहीं, जबकि हकीकत ये है कि इतिहास में कभी यहां का तापमान 55 डिग्री तक नहीं पहुंचा। गहलोत ने कहा कि रिफाइनरी, मेट्रो, बांध हो या रेल परियोजनाएं उनके समय में बनाई सभी योजनाओं को रोक दिया गया। गहलोत ने कहा कि चुनावों के समय फिर भावनात्मक रूप से राम का मुद्दा उछाल दिया गया।

गहलोत ने कहा कि यहां मेरे विरुद्ध खड़े प्रत्याशी आरोप लगा रहे हैं कि वे पांच साल तक विधानसभा में नहीं बोले तो हम पूछते हैं कि हमारे शासनकाल में राजे पांच साल में कितनी बार विधानसभा आई। हकीकत तो ये है कि वे लंदन में ही रही। गहलोत ने कहा कि विधानसभा में नहीं गया तो भी जनता के बीच ही रहा, देश की सेवा में लगा रहा। गहलोत ने चुटकी ली कि खेतासर के सजेशन पर विचार करेंगे कि उन्हें दिल्ली रहना है या जयपुर।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।