अशोक गहलोत होंगे राजस्थान के मुख्यमंत्री, सचिन पायलट को डिप्टी सीएम पद
(Rajasthan, India) राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर जारी खींचतान आखिरकार शुक्रवार को खत्म हो गई। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं और विधायकों से फीडबैक लेने के बाद अशोक गहलोत को राजस्थान का मुख्यमंत्री चुना है। अशोक गहलोत तीसरी बार राजस्थान के मुख्यमंत्री का पद संभालेंगे। सचिन पायलट को राजस्थान का डिप्टी सीएम बनाने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री की घोषणा होने के बाद अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी, जनता और विधायकों का शुक्रिया अदा किया और कहा कि हम राजस्थान में सुशासन लाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के समय जो प्रोजेक्ट्स रोके गए थे उन्हें प्राथमिकता के साथ पूरा करेंगे।
वहीं उपमुख्‍यमंत्री चुने जाने के बाद सचिन पायलट ने कहा कि मैं कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी व अन्‍य का धन्‍यवाद देना चाहूंगा, जिन्‍होंने अशोक गहलोत जी को राजस्‍थान का मुख्‍यमंत्री चुना। मेरा और अशोक जी का जादू पूरी तरह चल गया है और हम अब सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी हमारा लक्ष्य लोकसभा चुनाव में पार्टी को ज्यादा से ज्यादा सीट दिलाने का होगा।
सीएम के नाम की घोषणा से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ अशोक गहलोत और सचिन पायलट से उनके आवास पर एक बैठक हुई। गहलोत और पायलट की कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एवं संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी से कई दौर की बातचीत हुई।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस बहुमत जुटाने के बाद सत्ता बनाने का दावा पेश कर चुकी हैं। 199 सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस 99 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रुप में उभरी हैं और एक सीट उसके सहयोगी दल राष्ट्रीय लोकदल ने जीती हैं। उधर, चुनाव के नतीजे आने के चौथा दिन शुरु हो जाने के बाद भी अभी तक मुख्यमंत्री का नाम तय नहीं होने से गहलोत एवं पायलट के समर्थकों की भीड़ जमा होने तथा कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर जयपुर में ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी शुरु कर दी हैं। इसके अलावा सभी जिलों में भी सुरक्षा व्यवस्था पर सतर्क रहने के निदेर्श दिये गये हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।