एआई की रफ्तार में भारत सबसे आगे, चैटजीपीटी और परप्लेक्सिटी ने बदली तस्वीर
(India) भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और देश अब दुनिया का सबसे बड़ा एआई बाजार बनकर उभरा है। बोफा सिक्योरिटीज की एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) प्लेटफॉर्म्स को अपनाने में भारत वैश्विक स्तर पर पहले स्थान पर है। चैटजीपीटी, गूगल जेमिनी और परप्लेक्सिटी जैसे टूल्स का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत ‘एजेंटिक एआई’ एप्स के लिए एक अहम टेस्ट बेड बन चुका है। ये ऐसे एआई टूल्स हैं जो सिर्फ सवालों के जवाब नहीं देते, बल्कि खुद तर्क करने, योजना बनाने और काम पूरा करने की क्षमता रखते हैं। यूजर बेस की बात करें तो भारत में चैटजीपीटी के करीब 14.5 करोड़ मासिक सक्रिय यूजर्स हैं, जबकि जेमिनी के 10.5 करोड़ यूजर्स हैं। रोजाना करोड़ों भारतीय इन एआई प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर रहे हैं।
भारत के एआई मार्केट में आगे बढ़ने के पीछे सस्ता इंटरनेट और टेलीकॉम कंपनियों की रणनीति भी बड़ी वजह है। जियो और एयरटेल जैसे ऑपरेटर्स एआई सब्सक्रिप्शन को अपने प्लान्स के साथ मुफ्त या बंडल में दे रहे हैं। हालांकि, रिपोर्ट में यह चिंता भी जताई गई है कि ग्लोबल एआई कंपनियां अपनी ताकत और डेटा के दम पर भारतीय स्टार्टअप्स से पहले ही बाजार पर कब्जा कर सकती हैं, जिससे घरेलू एआई स्टार्टअप्स के लिए चुनौती बढ़ सकती है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।