आंध्र प्रदेश ट्रेन हादसा: टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो कोच में आग
(India) आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से करीब 66 किलोमीटर दूर येलामांचिली इलाके में टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो कोचों में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे की सूचना देर रात करीब 12:45 बजे मिली, जिसके बाद प्रशासन और दमकल विभाग तुरंत हरकत में आया।
पुलिस के अनुसार, आग बी-1 और एम-2 कोच में लगी, जिनमें कुल मिलाकर 150 से अधिक यात्री सवार थे। आग की चपेट में आए बी-1 कोच से एक शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान चंद्रशेखर सुंदरम के रूप में हुई है। हादसे के वक्त अधिकतर यात्री सो रहे थे। लोको पायलट ने स्थिति भांपते ही ट्रेन को तुरंत रोक दिया और दमकल विभाग को सूचना दी गई, लेकिन उनके पहुंचने तक दोनों कोच पूरी तरह जल चुके थे।
हादसे के बाद आग से प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया और शेष ट्रेन को एर्नाकुलम की ओर रवाना किया गया। प्रभावित यात्रियों को भी वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उनके गंतव्य तक भेजने की तैयारी की जा रही है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए दो फोरेंसिक टीमें जांच में जुटी हैं। इस घटना के चलते विशाखापत्तनम–विजयवाड़ा रूट पर कई ट्रेनों को एहतियातन रद्द कर दिया गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।