बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन
(India) बांग्लादेश की राजनीति की दिग्गज नेता और देश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया का 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने ढाका के एवरकेयर अस्पताल में सुबह करीब 6 बजे अंतिम सांस ली। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने सोशल मीडिया के जरिए उनके निधन की पुष्टि की। खालिदा जिया पिछले 36 दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं और बीते 20 दिनों से वेंटिलेटर पर थीं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी।खालिदा जिया को 23 नवंबर को दिल और फेफड़ों में संक्रमण के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह निमोनिया, किडनी की गंभीर बीमारी और अन्य जटिल स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। उन्हें नियमित रूप से डायलिसिस की जरूरत पड़ रही थी और डॉक्टरों ने हाल ही में उनकी स्थिति को “अत्यंत नाजुक” बताया था। इलाज के लिए उन्हें विदेश ले जाने की तैयारी भी हुई, लेकिन कमजोर स्वास्थ्य के कारण यह संभव नहीं हो सका।
खालिदा जिया बांग्लादेश की राजनीति में संघर्ष और साहस की प्रतीक मानी जाती थीं। वह कई बार प्रधानमंत्री रहीं और लंबे समय तक बीएनपी की अध्यक्ष के तौर पर विपक्ष की मजबूत आवाज बनी रहीं। हाल ही में उन्होंने आगामी चुनावों को लेकर नामांकन प्रक्रिया में भी हिस्सा लिया था। उनके निधन से बांग्लादेश की राजनीति में एक युग का अंत माना जा रहा है और देशभर में उनके समर्थकों में शोक की लहर है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।